पीलीभीत। मस्जिद से तरावीह पढ़कर निकले युवक को मामूली विवाद पर पीटा गया। पिटाई के बाद युवक को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। टकराव की आशंका के चलते रात भर पुलिस सतर्क रही।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फीलखाना निवासी माईल मंगलवार रात मोहल्ले में ही स्थित मस्जिद में तरावीह पढ़ने के लिए जा रहा था। मोहल्ला मस्जिद पठानी के कुछ युवकों से मजिस्द के भीतर कहासुनी हो गई। इस पर उन युवकों ने फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया। मस्जिद के बाहर निकलते ही सभी लोग युवक पर हमलावर हो गए। पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के बाद उसे नाले में फेंककर भाग गए।
युवक ने किसी तरह नाले से निकलकर जान बचाई और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। इस पर पीड़ित के परिवार वाले घटना स्थल पर एकत्र होकर हंगामा करने लगे। आरोपियों से बदला लेने के लिए उनके घर की ओर जाने लगे। इसी दौरान इसकी सूचना किसी ने कोतवाली पुलिस को दे दी। सूचना पर एसएसआई सदाकत अली फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को किसी तरह शांत किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर उवैश, मुन्ना, आमिर और शुमाइल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टकराव के अंदेशे में रात में फोर्स को तैनात किया गया था। सीओ सिटी सुनील दत्त ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।