पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात हुई चोरी की घटना फर्जी निकली। घर की एक महिला ने ही पुत्र की नजर से बचाने के लिए जेवर और नकदी छिपाकर चोरी की कहानी रची थी। कोतवाली पुलिस ने एसओजी के साथ मामले की छानबीन कर घटना का खुलासा किया। जेवरात और नकदी को भी बरामद कर लिया गया।
मोहल्ला मोहम्मद वासिल निवासी कदीर अहमद ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि सोमवार रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर दो लाख रुपये नकद व दो तोले सोने के जेवरात चोरी कर लिए। रात तीन बजे बेटे मुन्ना की नींद खुलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई।
सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी व कोतवाल राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटना को पुलिस ने संदिग्ध माना था। कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम की गहन पूछताछ और जांच के बाद पता चला कि नकदी व जेवरात घर के ही संदूक में रखे थे।
कदीर अहमद की पत्नी ने अपने बेटे की नजर से बचाने के लिए उन्हें छिपाया था और परिवार की तीन बेटियों को भी इसकी जानकारी थी। बाद में परिवार ने मिलकर चोरी का नाटक रच डाला। परिजनों से अलग-अलग पूछताछ में घटना की हकीकत सामने आ गई। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि महिला की निशानदेही पर नकदी और जेवर बरामद कर लिए गए हैं। महिला का पुत्र नशा व सट्टे का आदि है। वृद्धावस्था को देखते हुए महिला के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।