केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि वह पूरे पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र को खुशहाल बनाएंगी। वह ब्लाक परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने इस मौके पर गरीबों को कुकिंग गैस के कनेक्शन और लाभार्थियों को ऋण के चेक भी बांटे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के सभी गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी गरीबों के मुफ्त में आवास भी बनवाए जाएंगे। मेनका गांधी ने इस मौके पर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 30 गरीबों को कुकिंग गैस के कनेक्शन के कागजात सौंपे और विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा मुद्रा योजना के तहत 46 लाभार्थियों के लिए स्वीकृत किए गए 25 लाख रुपये के ऋण के चेक भी बांटे। इस मौके पर इंडियन आयल कारपोरेशन और विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी मौजूद रहे। उसके बाद उन्होंने चीनी मिल अतिथि गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से वार्ता की और जनसमस्याएं भी सुनी। केंद्रीय मंत्री ने कासिमपुर, साबेपुर, नवदिया सितारगंज, रसूला और मितेपुर में भी जनसभाओं को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री से कोटेदार की शिकायत
- राशन कार्ड ऑन लाइन कराने के नाम पर वसूली का आरोप
बिलसंडा। ग्रामीणों ने एक राशन कोटेदार पर फार्म ऑन लाइन कराने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से की है।
क्षेत्र के गांव नांद के ग्रामीणों ने कोटेदार पर फार्म ऑन लाइन कराने के नाम पर पांच सौ रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध वसूली की शिकायत 17 मई को तहसील दिवस में की गई थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। इधर, अब मामले की शिकायत ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से की है। उन्होंने एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने दिया छह सूत्रीय ज्ञापन
बीसलपुर। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश मित्तल ने चीनी मिल अतिथि गृह में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को छह सूत्रीय ज्ञापन दिया है।
ज्ञापन में पीलीभीत-शाहजहांपुर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित कराने, बीसलपुर क्षेत्र में कोई बड़ा उद्योग लगवाने, नगर में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान खुलवाने, राजकीय महिला महाविद्यालय खुलवाने, जर्जर स्टेशन रोड की मरम्मत कराने और बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाने की मांग की गई है। गांव रुरिया निवासी राजेश्वरी देवी ने केंद्रीय मंत्री को पत्र देकर कहा है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनके पुत्र रमन पाल को 26 अप्रैल को रास्ते में घेरकर उन्हें लाठी डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है, जिससे हमलावरों के हौंसले बुलंद हैं। खानपुर वीरमपुर की प्रधान जशोदा देवी ने केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर अपने गांव में नाले की पुलिया बनवाने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।