पीलीभीत/ न्यूरिया। छात्र-शिक्षक अनुपात सही करने के नाम पर परिषदीय स्कूलों के विलय में भी जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने संजीदगी नहीं दिखाई है।
आनन-फानन में सूची जारी कर दी गई। नतीजा यह हुआ कि दो शिक्षकों की तैनाती और छह बच्चों वाले स्कूल गुलड़िया विथरा को छोड़ दिया गया, जबकि 40 से अधिक बच्चों वाले स्कूल का विलय कर दिया गया। हालांकि, विभाग स्कूल के बीच दूरी अधिक होने की बात कह रहा है। अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गुलड़िया विथरा में सिर्फ छह बच्चे पंजीकृत हैं। मौजूदा समय में स्कूल में शिक्षकों की तैनाती है। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पूर्व ही यहां के प्रधानाध्यापक सरोज जायसवाल को कंपोजिट विद्यालय भगा मोहम्मदगंज में समायोजित किया गया है। विद्यालय की जिम्मेदारी कार्यवाहक प्रधानाध्यापक के तौर पर मो. शाहनवाज को सौंपी गई है।
कक्षावार छात्रों की बात करें तो कक्षा एक, दो और तीन में एक-एक छात्र पंजीकृत है। कक्षा पांच में पंजीकृत छात्रों की संख्या तीन है। छह बच्चों वाला स्कूल विलय से छूट जाना काफी चर्चा में है, जबकि पूरनपुर, अमरिया, बीसलपुर, बरखेड़ा आदि ब्लॉकों के 20 से 40 बच्चों की संख्या वाले स्कूलों का विलय किया जा चुका है। संवाद