पीलीभीत। चौथे चरण में जिले की चारों सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। चुनावी रण में उतरे 43 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला जिले के 1440310 मतदाता करेंगे। इनमें 10 निर्दलीय भी शामिल हैं। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। मंगलवार शाम को पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गईं।
विधानसभा चुनाव में भाजपा के दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है, क्योंकि चारों सीटों पर पार्टी काबिज है और इस बार चारों सीटों को बचाना बड़ी चुनौती है। कांटे की टक्कर सदर सीट पर दिख रही हैं। यहां सपा से डॉ. शैलेंद्र गंगवार और भाजपा के संजय सिंह गंगवार में सीधी लड़ाई मानी जा रही है। सदर सीट पर 375568 मतदाता हैं और नौ उम्मीदवार है, जिसमें दो निर्दलीय भी शामिल हैं। कांग्रेस ने यहां शकील नूरी को उतारा है तो बसपा ने यहां पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद के बेटे शाने अली को टिकट दिया है। हालांकि माना जा रहा है कि शाने अली मुस्लिम वोटों में सेंध लगाने में कामयाब रहे तो सपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
बीसलपुर की लड़ाई भी दिलचस्प है। यहां भाजपा के सबसे मजबूत चेहरे राम सरन वर्मा की जगह उनके बेटे विवेक वर्मा मैदान में हैं। बसपा ने यहां अनीस अहमद खां फूल बाबू को उतारा है, जो पार्टी के टिकट पर तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। सपा ने यहां महिला उम्मीदवार दिव्या गंगवार को उतारा है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। सपा यहां कभी जीत हासिल नहीं कर सकी लेकिन इस बार दावेदारी मजबूत है। इस बार बीसलपुर में 14 उम्मीदवार हैं। जिनमें चार निर्दलीय हैं। कांग्रेस ने शिखा पांडेय को उतारा है। कुल मतदाताओं की संख्या 358345 है।
बरखेड़ा में कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है। यहां 323178 मतदाता 9 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बार बरखेड़ा से कोई भी निर्दलीय उम्मीदवार नहीं है। सपा ने यहां पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, भाजपा ने स्वामी प्रवक्तानंद, कांग्रेस ने हरप्रीत सिंह चब्बा और बसपा ने मोहन स्वरूप को उम्मीदवार बनाया है। यहां भी भाजपा को अपना किला बचाने की बड़ी चुनौती होगी। भाजपा ने सिटिंग विधायक किशन लाल राजपूत की जगह स्वामी प्रवक्तानंद को उतारा है। सपा सीधे भाजपा को टक्कर देते दिख रही है।
पूरनपुर में भी लड़ाई दिलचस्प बन गई है। यहां 383219 मतदाता हैं और 11 प्रत्याशी चुनावी रण में कूदे हैं। इनमें चार निर्दलीय भी हैं। यहां भी भाजपा के विधायक बाबूराम पासवान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पूर्व विधायक पीतमराम की पुत्रवधु आरती महेंद्र सपा से चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा की मुश्किलें इसलिए बढ़ सकती हैं कि भाजपा से टिकट मांगने वाले अशोक राजा बसपा से मैदान में उतरे हैं।
किस विधान सभा क्षेत्र में कितने मतदाता
जिला पुरुष महिला थर्ड जेंडर कुल
पीलीभीत 198958 176587 23 375568
बरखेड़ा 171908 151262 8 323178
पूरनपुर 203749 179447 23 383219
बीसलपुर 192865 165475 5 358345
कुल 767480 672771 59 1440310
कुल उम्मीदवार-43 निर्दलीय 10
कितनी उम्र के कितने मतदाता
उम्र वर्ग मतदाता
18-19 21863
20-29 354148
30-39 358507
40-49 293511
50-59 217998
60-69 120775
70-79 54081
80 प्लस 19427
- 969 मतदान केंद्र, बूथ- 1635, इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 1042 ,992 की वेबकॉस्टिंग
- 14 जोन और 106 सेक्टर में बांटा जिला
- 287 ऑर्ब्जवर
- हर ब्लॉक में एक मॉडल बूथ
- हर ब्लॉक में सखी बूथ जहां सिर्फ महिला कर्मी तैनात होंगी।
- हर ब्लॉक में एक बूथ दिव्यांग कर्मचारी संचालित करेंगे
वोट डालने के लिए इनमें से कोई एक आईडी रखें अपने साथ
आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, फोटो सहित बैंक या फिर पोस्ट आफिस की पासबुक, ड्राइविग लाइसेंस, सेहत बीमा स्मार्ट कार्ड, पेन कार्ड, एनपीआर तहत जारी स्मार्ड कार्ड, पासपोर्ट, फोटो वाला पेंशन दस्तावेज, केंद्र या फिर राज्य सरकार या फिर सार्वजनिक क्षेत्र के विभागों द्वारा जारी किया आईडी कार्ड, संसद मेंबर, विधायक,एमएलसी को जारी किया अधिकृत पहचान।
मतदान का समय- सुबह सात बजे से शाम छह बजे
मॉक पोल का समय- साढ़े पांच बजे
रिवर्ज में भी रहेंगी ईवीएम और वीवीपैट
विधानसभावार जो ईवीएम और वीपीपैट दिए जाते हैं इसके अलावा कुछ रिवर्ज में भी रखी जाएंगी। 40 फीसद वीवीपैट और 24 फीसद ईवीएम रिजर्व में रखी जाएंगी ताकि आपात स्थिति में कोई दिक्कत खड़ी न हो।