पूरनपुर। जुकना नदी की कई एकड़ जमीन पर कब्जा कर समीप के किसान खेती कर रहे हैं। बुधवार को तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने 10 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराकर जमीन पर खड़ी गन्ना की फसल को जुतवा दिया। बृहस्पतिवार को फिर अभियान चलाकर जमीन से कब्जा हटवाया जाएगा।
ग्राम पंचायत नवदिया नदी किनारे जुकना नदी बहती है। नदी की कई एकड़ जमीन पर कई किसानों ने कब्जा कर नदी को संकरा कर दिया। इस जमीन पर कब्जेदार सालों से फसलें कर रहे है। लेखपाल की रिपोर्ट पर बुधवार को तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कई किसानों के कब्जे से 10 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। जमीन पर बोई गई गन्ना की फसल को जुतवा दिया गया। तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी की 10 एकड़ जमीन पर और कब्जा की जानकारी हुई है। नदी की जमीन से कब्जा हटवाने का अभियान जारी रहेगा। शुक्रवार को भी कब्जा की गई जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। दोबारा कब्जा मिलने पर कब्जेदार पर रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।