पीलीभीत। दरोगा भर्ती में धांधली के मामले का जिक्र करते सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को ट्वीट किया। ट्वीट के साथ उन्होंने पोस्टर हाथ में लेकर खड़े एक युवा तस्वीर को साझा किया है। पोस्टर में जिम्मेदारों पर तीखा वार है। पोस्टर में लिखा है कि यूपी में सरकारी नौकरियों के लिए बोली लग रही है।
ट्वीट में वरुण ने कहा कि जिस पद की आकांक्षा में छात्र खून पसीना एक कर देते हैं, परिजन अपना सर्वस्व समर्पित कर देते हैं। उसकी यूं खुलेआम बोली लगते देख लाखों मेहनतकश युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती 2021 में धांधली हुई है। धांधली के आरोप में पकड़े गए दर्जनों लोग इसके गवाह हैं।
इस मामले में न्याय की गुहार लगाने वालों के साथ खड़े होने की बात कहते हुए वरुण गांधी ने कहा कि ऐसी धांधलियों से वर्षों तक अपना पेट काट कर बच्चों को पढ़ाने वाले माता-पिता की कुर्बानियों का भी अपमान होता है। आशा करते हैं कि सरकार भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए कठोर कदम उठाएगी। इस मामले में दोषियों को दंड मिलना चाहिए।