पूरनपुर। गांव धर्मापुर में बगैर परमिशन के आम के बाग का रातोंरात सफाया कर दिया। लकड़कट्टों ने रात को ही काटे गए पेड़ों की लकड़ी गायब कर दी। वन एवं वन्य जीव प्रभाग के वनरक्षक ने बाग स्वामी और दो ठेकेदारों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना बुधवार रात की है। वन एवं वन्य जीव प्रभाग के दरोगा रामाधार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे गांव धर्मापुर में आम का हराभरा बाग कटने की सूचना मिली। वनरक्षक और अन्य कर्मचारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में बाग में खड़े आम के हरे-भरे 35 पेड़ों का कटान होना पाया गया। उन्होंने बताया कि लकड़कट्टों से रात को ही काटे गए पेड़ों की लकड़ी को गायब कर दिया। कोतवाल रामसेवक ने बताया कि वन रक्षक सुरजीत कुमार की ओर से बाग स्वामी गांव दुधियाखुर्द निवासी सोनू सिंह, पेड़ काटने वाले ठेकेदार गांव शेरपुरकलां निवासी बड़े खां, फईम पर वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।