बस से अमरिया में आयोजित समाधान दिवस में जाते अधिकारी। संवाद
पीलीभीत। प्रधानमंत्री की डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने की मुहिम का असर जिले में दिखाई दे रहा है। शनिवार को अमरिया में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ बस में सवार होकर गए। बस की रवानगी ऑफिसर्स कॉलोनी से की गई, जहां आवास से निकलकर अधिकारी बसों में सवार होते देखे गए।
प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की मुहिम के बाद डीएम-एसपी ने अपने वाहन से पुलिस एस्काेर्ट कम कर दी। शनिवार को अमरिया तहसील में लगे समाधान दिवस में जिलेभर के अफसर बस से पहुंचे। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के आदेश पर एआरटीओ वीरेंद्र सिंह द्वारा बस को ऑफिसर्स कॉलोनी में सुबह नौ बजे लगवा दिया, जहां से अपने सरकारी आवास से अधिकारी अपनी निजी गाड़ियां छोड़कर पैदल बस में सवार होते देखे गए। लगभग आधे घंटे में सभी अधिकारी बस में सवार होकर एक साथ अमरिया के तहसील समाधान दिवस में जाते देखे गए। इस दौरान अफसरों के एक साथ होने हंसी-ठठोके भी लगते रहे। बस में सीएमओ डॉ. आलोक कुमार, बीएसए रोशनी सिंह, एआर को-ऑपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डीआईओएस राजीव सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार, सेवायोजन अधिकारी विवेक शुक्ला आदि दिखाई दिए। संवाद