पूरनपुर। मोटर खराब होने से नगर के लाइनपार के पांच वार्डों की पेयजल आपूर्ति छह दिनों से ठप है। इससे उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हो रही है। पीने के लिए लोग मोहल्लों में लगे हैंडपंपों से पानी भरने को मजबूर हैं। ठप पेयजल आपूर्ति से लोगों में रोष है।
नगर के लाइनपार में नगर पालिका के पांच वार्ड और देहात क्षेत्र के कुछ क्षेत्र में जिला पंचायत के डाक बंगला परिसर में नगर पालिका के बने वाटर बाक्स से पानी की आपूर्ति की जाती है। छह दिन पहले परिसर में लगी मोटर खराब हो गई। इससे लाइनपार इलाके में पानी की आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति न मिलने से लोगों को भारी असुविधा हो रही है।
अधिकांश लोगों के घरों में कम गहराई के हैंडपंप लगे है। इसको लेकर लोगों को पीने के पानी को मोहल्लों में लगे इंडिया मार्का हैंडपंंपों से पानी भरकर घरों में लाना पड़ रहा है। ठप पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने से उपभोक्ताओं में रोष है। पेयजल आपूर्ति देख रहे नगर पालिका कर्मी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मोटर खराब होने से लाइनपार की पेयजल आपूर्ति ठप चल रही है। मोटर को सही कराने को बरेली भेजा गया है। एक-दो दिन में मोटर सही होकर आने की उम्मीद है। मोटर सही होने पर लाइनपार में पानी की आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी।