शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे के पास स्थित पंप पर बिना हेलमेट स्कूटी सवार को पेट्रोल देता सेल्समै
पीलीभीत। नो हेलमेट-नो फ्यूल का अभियान पूरे माह कागजों में ही सिमट कर रह गया है। जिले के अधिकांश पेट्रोल पंप संचालकों ने नियमों की अनदेखी कर बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को धड़ल्ले से पेट्रोल दिया। इस पूरे माह मात्र 236 वाहनों का ही चालान किया गया है।
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए लगातार शासन स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी जारी है। शासन स्तर से सितंबर में नो हेलमेट-नो फ्यूल को लेकर अभियान चलाए जाने के निर्देश जारी किए गए थे।
माह की शुरुआत के कुछ दिन तो इसका असर दिखा। बाद में अभियान कागजों में ही सिमटकर रह गया। पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल दिया गया। वहीं, विभागीय कार्रवाई भी नाममात्र को हो सकी। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक पूरे माह में 67 पेट्रोल पंप पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने वाले 236 वाहन चालकों के चालान काटे गए। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पंप संचालकों को निर्देश दिए गए है।