गन्ना मूल्य भुुगतान, घटतौली, उतार के नाम पर कमीशन सहित तमाम समस्याओं को लेकर भाकियू ने पंचायत की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंच जाम लगाकर नारेबाजी की। यहां किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष श्रीपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंडी समिति स्थित कृषक विश्राम गृह में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो ने कहा कि चीनी मिलों से मिली सरकार किसानों का शोषण कर रही है। मिल चले हुए दो माह से अधिक समय हो गया है लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि घटतौली, खड़ी तौल और उतार के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। मंडल संगठन मंत्री भजनलाल क्रोधी ने कहा कि यदि जल्द समस्याएं निस्तारित नहीं हुई तो पूरे जिले में आंदोलन किया जाएगा। पंचायत के बाद किसान जुलूस के रूप में रामलीला रेलवे क्रासिंग होते हुए डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंचे। यहां चौराहे पर बैठकर किसानों ने जाम लगाया और सरकार विरोधी नारे लगाकर प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन और जमा को लेकर चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। यहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा को सौंपा। पंचायत और प्रदर्शन में मंजीत सिंह, रामकुमार भोजवाल, वेदपाल शर्मा, सुल्तान खां, छोटेलाल, डॉ. हरपूर सिंह, गुरमीत सिंह, रामकुमार पांडेय, स्वराज सिंह, दर्शन सिंह, अजमेर सिंह, मुरलीधर कश्यप, कुंदनलाल गंगवार, मुलायम सिंह, ओमप्रकाश पाल, संतोष यादव, नत्थो देवी, जयंती देवी, पुष्पा अवस्थी, दन्नूलाल राठौर व कई लोग शामिल रहे।
ज्ञापन में यह है प्रमुख मांगे
-गत वर्ष का ब्याज सहित भुगतान जल्द कराएं।
-गन्ने का रेट 350 रुपये प्रति क्विंटल करने।
-गन्ना भुगतान 14 दिन के अंदर दिलाने
-जंगली पशुओं के नुकसान से बचाने को तार फेसिंग कराने
-ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने
-मंडी कृषक विश्राम गृह की व्यवस्थाएं ठीक कराने।