बीसलपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए अपहरण के आरोपी स्रोत पुलिस
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिमरा अकबरगंज के पास स्थित टोल प्लाजा पर बृहस्पतिवार की शाम कर्मचारियों की पिटाई कर बिजली मेंटेनेंस इंजीनियर का अपहरण करने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार सवार पांच लोगों ने बृहस्पतिवार की शाम पीलीभीत-शाहजहांपुर हाईवे पर गांव सिमरा अकबरगंज के निकट स्थित टोल प्लाजा पर शुल्क मांगने और वीआईपी गैलरी से जबरन निकलने से रोके जाने पर कर्मचारियों की पिटाई की और वहां तैनात बिजली कंपनी के मेंटेनेंस इंजीनियर एटा के अलीगंज के राहुल तोमर का अपहरण कर लिया था।
घटना के एक घंटे बाद राहुल तोमर आरोपियों के चंगुल से मुक्त हुए। इंजीनियर की ओर से पुलिस ने पांच अपहरणकर्ताओं के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी राजकमल कश्यप, कोतवाली क्षेत्र के गांव चौसरा निवासी संतोष कुमार, योगेंद्र गंगवार, अंकुर गंगवार और गांव परासी रामकिशन निवासी रोहित पटेल को नामजद किया गया है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहरण में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को अपहरण में प्रयुक्त आरोपियों की कार सीज कर दी। साथ ही पांचों आरोपियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। संवाद