शहर के बाहर खड़े गनना लदे वाहन । स्रोत - यातायात पुलिस
पीलीभीत। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार से स्कूल के समय गन्ना भरे ट्रकों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वाहनों को शहर के बाहर चिह्नित किए गए स्थानों पर खड़ा करवाया गया।
गन्ने का सीजन शुरू होते ही शहर में जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही हादसे की आशंका रहती है। शहर के अधिकांश स्कूल टनकपुर हाईवे के इर्दगिर्द हैं। हजारों की संख्या में बच्चे सुबह और दोपहर में टनकपुर रोड से गुजरते हैं। ऐसे में गन्ने से लदे ट्रकों से हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार से स्कूली समय पर शहर में गन्ने के ट्रकों को प्रवेश नहीं दिया गया।
सुबह सात से 10 और दोपहर एक से चार बजे के बीच गन्ना भरे ट्रक शहर में नहीं आ सके। इन्हें शहर के जेएमबी तिराहा, रुपपुर कृपा, पूरनपुर चीनी मिल गेट चौकी, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती इंटर कॉलेज, गत्ता फैक्टरी, खकरा पुल की तरफ खड़ा करवाया गया। निर्धारित समय के बाद ही इन्हें शहर में प्रवेश मिल सका। चिह्नित मार्गों पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसके साथ ही चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के साथ मिल कर्मियों को भी तैनात किया गया। टीएसआई राघवेंद्र सिंह ने बताया कि गन्ना सीजन तक वाहनों को इसी क्रम में प्रवेश कराया जाएगा ताकि कोई समस्या न हो सके।
ओवरलोड गन्ना भरे वाहनों का किया चालान
पीलीभीत। प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को शहर को गन्ना तिराहे पर गन्ना भरे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 18 वाहनों का चालान किया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह एआरटीओ वीरेंद्र सिंह के साथ सोमवार की शाम लगभग पांच बजे गन्ना तिराहे पर पहुंचे और फैक्टरी को गन्ना ले जाने वाले वाहनों के प्रपत्रों की जांच करते हुए ओवरलोड गन्ना वाहनों का चालान किया। इस दौरान अधिकारियों ने 14 ट्रक जिन पर ओवरलोड गन्ना भरा हुआ था, उनका चालान करते हुए एक लाख 40 हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा ट्राले पर क्षमता से अधिक गन्ना लादकर ले जा रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉले का चालान कर दस-दस हजार रुपये जुर्माना वसूला। सभी वाहनों से कुल एक लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। संवाद