पीलीभीत। चीनी मिल संचालन, गन्ना यातायात एवं गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा बैठक में डीएम संजय कुमार सिंह ने बरखेड़ा चीनी मिल के अफसरों को कार्य योजना के अनुरूप बकाया भुगतान न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि गन्ना मूल्य भुगतान समय से करें। गन्ना वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं।
गांधी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव ने बताया कि जनपद में चीनी मिल पीलीभीत और बरखेड़ा संचालित है। सहकारिता की दोनों चीनी मिलें 29 नवंबर को पेराई कार्य का शुभारंभ कर रही हैं। चीनी मिल पीलीभीत मिल गेट सहित 123 क्रय केंद्रों पर एवं चीनी मिल बरखेड़ा मिल गेट सहित 45 क्रय केंद्र पर गन्ना खरीद कर रही है।
बीते सत्र के गन्ना मूल्य भुगतान के संबध में बताया कि बजाज चीनी मिल पर 67 करोड़ रुपये बकाया हैं। 27 करोड़ रुपये 30 नवंबर तक भुगतान करना है। इसके बाद शेष 40 करोड़ रुपये 15 दिसंबर तक भुगतान करना है।
बरखेड़ा चीनी मिल के प्रतिनिधि सुबोध गुप्ता ने बताया गया कि कार्ययोजना के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने चीनी मिल प्रतिनिधि को सख्त निर्देश दिए कि वह कार्ययोजना के अनुसार गन्ना मूल्य भुगतान करें, नहीं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप संभागीय अधिकारी ने गन्ना यातायात में लगे सभी वाहनों जैसे ट्रैक्टर-ट्राॅली, ट्रक में रिफ्लेक्टर पट्टी लगवाने के लिए कहा। बैठक में प्रधान प्रबंधक चीनी मिल बीसलपुर, पूरनपुर, सीसीओ बीसलपुर, लक्ष्मी कांत मुदगल वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान, महाप्रबंधक गन्ना चीनी मिल बरखेड़ा आदि मौजूद रहे।