पीलीभीत। उन्मुखीकरण कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने टीचर लर्निंग मेटेरियल के स्टाॅल लगाए । स्टाॅलों पर शिक्षण अधिगम सामग्री का प्रदर्शन किया गया। बीएसए सहित अन्य अधिकारियों ने मॉडलों को देखा। साथ ही बच्चों को निपुण पटका पहनाकर सम्मानित किया।
मरौरी ब्लॉक के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, नगर क्षेत्र के वार्ड सदस्यों, स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों की एक दिवसीय कार्यशाला शुक्रवार को एक बैंक्वेट हाल में हुई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि शासन ने बेसिक शिक्षा के उत्थान के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। जिनका सीधा फायदा स्कूली बच्चों को मिल रहा है।
बीएसए ने शिक्षकों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, नगर क्षेत्र के वार्ड सदस्यों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले स्कूलों के बच्चों को निपुण बनाने में सहयोग दें। वहीं शिक्षकों से कहा कि इसी वर्ष सभी बच्चों को निपुण बनाना है।
इसके बाद बीएसए अमित कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य, सुनील कुमार सिंह ने कंपोजिट स्कूल सिरसा के शैलेंद्र, सैदपुर की सुहानी , रामनगर खरोसा की रूपाली, मेथी की राजकुमारी, चाटडांग के मयंक, दियोरा की सुरभि, कैम के आदर्श, अमीन नगर के गजेंद्र, इकघरा की काजल, मानपुर की रश्मि सहित कई स्कूली बच्चों को निपुण पट्टिका पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया ।
इसके अलावा स्टॉल लगाने वाले शिक्षकों को भी प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यशाला में मरौरी ब्लॉक के सौ से अधिक प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य , नगर क्षेत्र पीलीभीत के कई वार्ड सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर एआरपी हफीज अहमद, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, केके सागर, देवेंद्र कन्हैया, प्रेमपाल, अजय कुमार आदि मौजूद रहे ।
पीलीभीत बैंकेट हाल में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चे व अधिकारी। स्रोत शिक्षक