बरखेड़ा। क्षेत्र के एक ग्रामीण ने बाइक सवार दो लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट कर बाइक में तोड़फोड़ करने और विरोध पर चेन छीनने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि जांच में शराब पीने के बाद विवाद होने की बात सामने आई है। चेन छीनने की बात गलत है।
क्षेत्र के गाव खरगापुर खुर्द निवासी भागीरथ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार को रात नौ बजे बाइक से पिपरिया गांव से घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में टाॅवर के निकट दो लोग खड़े थे। जिन्हें उसने पहचान लिया। आरोप है कि गति धीमी होते ही उक्त लोगों ने बाइक रोकने की कोशिश की।
विरोध करने पर गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। सिर पर भी प्रहार किए गए। जिससे वह घायल हो गया। आरोप है कि गले में पड़ी सोने की चेन छीन कर बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद धमकी देकर भाग गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बरखेड़ा सीएचसी लाकर भर्ती कराया। इसके बाद कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई। इधर, थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शराब पीने के बाद झगड़ा होने पर बाइक में तोड़फोड़ की गई थी। अन्य आरोप गलत हैं।