पीलीभीत के मोहल्ला मस्जिद पठानी में सही की जा रही पानी की लीकेज पाइप लाइन ।संवाद
पीलीभीत। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ठप जलापूर्ति से परेशान 10 मोहल्ले के लोगों को चौथे दिन बृहस्पतिवार को राहत मिल सकी।
नगर पालिका की टीम ने लीकेज तलाश कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करा दी। देर शाम ट्रायल के बाद जलापूर्ति को बहाल भी कर दिया गया। शहर में इन दिनों बिजली के पुराने संसाधनों को बदलने का कार्य चल रहा है। इसके लिए खंभों के अलावा तार भी बदले जा रहे हैं।
चार दिन पूर्व नगर के बेनी चौधरी क्षेत्र में बिजली खंभा लगाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे थे। इस दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बेनी चौधरी के अलावा कोतवाली मार्ग समेत करीब 10 मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई।
पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर फाॅल्ट को तलाशा और मरम्मत कार्य शुरू किया। बृहस्पतिवार को पाइपलाइन की मरम्मत कर पालिका की टीम ने पहले ट्रायल किया। नगर पालिका जलकल प्रभारी तारिक ने बताया कि जलापूर्ति बहाल कर दी गई।
नगर पालिका आस्था अग्रवाल ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रायल किया गया। इसके बाद जलापूर्ति बहाल कर दी गई है।