पीलीभीत। जंगल के बाहर बाघ और तेंदुए की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को मरौरी के गांव बनकटी में बाघ ने एक सांड़ और गांव सिसैया की सीमा में तेंदुए ने एक छुट्टा बछिया को हमला कर मार दिया। सूचना पर सामाजिक वानिकी की टीमें दो जगह पहुंची। ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के बाद निगरानी शुरू कर दी।
दो दिन पूर्व से शहर से सटे इलाके में बाघ और तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही है। बृहस्पतिवार को मरौरी के गांव बनकटी में पहुंचे बाघ ने किसान आदेश कुमार के लाही के खेत में एक छुट्टा सांड़ को हमला कर मार दिया। जानकारी के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पास में ही स्थित प्रहलाद के गेहूं के खेत में बाघ के पगचिह्न मिले।
ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने की मांग की। इसके अलावा मरौरी के गांव सिसैया में पहुंचे तेंदुए ने किसान दोदराम के गन्ने के खेत में एक छुट्टा बछिया को हमला कर मार दिया। घटना की जानकारी के बाद ग्रामीण सहम गए। सूचना पर पहुंची टीम ने तेंदुए के पगचिह्न ट्रेस कर निगरानी बढ़ा दी है। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि दो स्थानों पर टीम निगरानी में जुटी है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के साथ टीम का सहयोग करने की अपील की गई है।