जिला स्तरीय हॉकी लीग प्रतियोगिता की विजेता टीम के खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ- आयोजक
पूरनपुर। जिला स्तरीय हॉकी लीग प्रतियोगिता का फाइनल मैच सिंह हॉकी क्लब और भसीन इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया। इसमें सिंह हॉकी क्लब ने 3-2 के अंतर से भसीन इंटरनेशनल स्कूल की टीम को पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
पब्लिक इंटर कॉलेज मैदान पर बुधवार को सिंह हॉकी क्लब और भसीन इंटरनेशनल स्कूल के बीच फाइनल मैच हुआ। पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश गौतम ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ कराया।
मैच के पहले हाफ के पांचवें मिनट में ही भसीन इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी सलिल आजाद ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। सिंह हॉकी क्लब के कप्तान वरुण सक्सेना ने पहले हाफ के 15वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से गोल कर टीम को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
खेल के पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रही। खेल के दूसरे हाफ के आठवें मिनट में सिंह हॉकी क्लब के खिलाड़ी निखिल ने फील्ड गोल कर टीम को 2-1 से बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के 13वें मिनट में भसीन इंटरनेशनल स्कूल के राज गौरव ने फील्ड गोल कर टीम को फिर 2-2 की बराबरी पर कर दिया।
खेल के अंतिम चरण मेंं सिंह हॉकी क्लब के निशांत के शानदार गोल कर अपनी टीम को 3-2 से बढ़त दिला दी। भसीन इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी टीम को बराबरी पर ले जाने के लिए अंत तक जूझते रहे। सिंह हॉकी क्लब को 3-2 से विजेता घोषित किया गया।
फाइनल मैच में शाहजहांपुर के अंपायर युसूफ खान, पूरनपुर के रोहित आजाद रहे। इस दौरान जयप्रकाश, प्रदीप सरकार, सुरेश कौशल, अनिल गुप्ता, महेश आजाद, घासीराम आजाद, नरेश आजाद रहे।