पीलीभीत। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बुधवार को जिला स्तरीय विद्यालयीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर जनपदीय टीम घोषित की गई, जो 10 अगस्त को बरेली में आयोजित मंडलीय विद्यालयीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा परिषद, बरेली की अपर सचिव रेखा दिवाकर एवं जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं, जो उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में एसएन इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज, ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर बीसलपुर, सेंट मारिया धनकुना, आदर्श इंटर कॉलेज सराय सुंदरपुर, ज्ञान प्रशांत मेमोरियल इंटर कॉलेज, सरदार वल्लभभाई इंटर कॉलेज अमरा करोर सहित कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के आधार पर अंडर-14, 17 और 19 वर्ग में बैडमिंटन व टेबल टेनिस की जनपदीय टीमों का चयन किया गया। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 10 अगस्त को बरेली में आयोजित मंडलीय विद्यालयी प्रतियोगिता में पीलीभीत की ओर से चुनौती पेश करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। ऐसी प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन में जयहिंद मौर्य, प्रशांत शुक्ला, रमेश सिंह, रीना मिश्रा एवं ऋतु का विशेष योगदान रहा।
-
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
बैडमिंटन बालक अंडर-19 में तनिष्क राना, रूद्र शर्मा, अंकित ठाकुर, कलीम, दानिश बेग शामिल हैं। अंडर-17 ओजस्वदीप, कौशल सागर, प्रिंस, कुशांक, आरव रस्तोगी चुने गए। अंडर-14 में मयंक श्रीवास्तव, उज्ज्वल कश्यप, वंश, समर, अरमान शामिल हैं।
बैडमिंटन बालिका अंडर-19 में शिवानी पाल, सेजल गंगवार, फारिया हैं। अंडर-17 में काव्या मिश्रा, सपना देवी, हूर फात्मा, अमान्या पाल, प्रतीक्षा का चयन हुआ। अंडर-14 में मोहिनी मौर्य, निशा भारती, तपस्या वर्मा, अराध्या गंगवार, ज्योति चुनी गई हैं।
टेबल टेनिस बालिका अंडर-14 सुहानी, अम्बिका जोहरी, तान्या श्रीवास्तव, साक्षी सिंह शामिल हैं। अंडर-17 में शुभांगी सक्सेना, रिया कश्यप, प्रिया, पलक शामिल हैं। अंडर-19 में तान्या वर्मा, नैना, कशिश शामिल हैं। संवाद
जिला स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। स्रोत- स्कूल- फोटो : Archive