बिलसंडा (पीलीभीत)। नगर क्षेत्र में एक दुकानदार नकली पेंट बेच रहा था। एशियन पेंट कंपनी के अधिकारियों की सूचना पर पुलिस ने कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार दुकान की तलाशी में 15 बाल्टी पेंट मिला, इसे कंपनी के अधिकारियों ने नकली बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कारोबारी को जेल भेज दिया।
एशियन पेंट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि राजेश कुमार निवासी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि गया कि ईटगांव स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर (कृषि सेवा केंद्र) पर नकली पेंट बेचा जा रहा है। दुकान के पीछे बनाए गए दो गोदामों में नकली एशियन पेंट मिला है। सभी का नमूना लेकर सील कर दिया गया और दुकानदार को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शिवम को जेल भेज दिया है।