शिवसेना के जिलाध्यक्ष की एसडीएम से होती बातचीत।संवाद
पीलीभीत। ग्राम पंचायत में गलत तरह से तालाबों पर पट्टे की शिकायत करने पहुंचे शिवसेना के जिलाध्यक्ष से तहसील में एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह से नोकझोंक हो गई। इधर, शिवसेना के जिलाध्यक्ष एसडीएम पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि कुछ देर बाद एसडीएम श्रद्धा सिंह ने शिवसेना जिलाध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अभद्रता को लेकर कहे शब्दों को लेकर माफी मांगी।
मंगलवार को सदर तहसील क्षेत्र के गांव कुरैइया से तमाम लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ शिवसेना के जिलाध्यक्ष शैली शर्मा भी थे। इस बीच एसडीएम श्रद्धा सिंह की शिवसेना जिलाध्यक्ष शैली शर्मा से बातचीत के बीच नोकझोंक हो गई। शिवसेना जिलाध्यक्ष का आरोप था कि एसडीएम श्रद्धा सिंह ने उनके लोगों से अभद्रता की। हालांकि कुछ देर में एसडीएम श्रद्धा सिंह कक्ष के बाहर आईं व शिवसेना के कार्यकर्ताओं से फिर से बातचीत की। उन्होंने अपने कक्ष में बैठाकर सभी को ग्राम पंचायत में पट्टे को लेकर पारदर्शिता के आधार पर प्रक्रिया पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस दौरान शैली शर्मा के साथ प्यारेलाल, मदनलाल, नोखेलाल, महेंद्रपाल, कांताप्रसाद, तुलसीराम, मैकूलाल आदि मौजूद रहे। संवाद