पूरनपुर। राशन कोटेदार के वायरल ऑडियो पर पूर्ति निरीक्षक ने मंगलवार को गांव पहुंचकर जांच की। जांच में कई उपभोक्ताओं ने कोटेदार पर कम खाद्यान्न देने का आरोप लगाया। राशन कोटेदार को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जोगराजपुर के आदित्य की पत्नी ने पिछले दिनों 1076 नंबर तक कॉल करके राशन कोटेदार पर कम खाद्यान्न देने की शिकायत की थी। बीते शनिवार को शिकायतकर्ता के पति के पास हेल्पलाइन से आए फोन पर उसकी शिकायत का निस्तारण कराने की जानकारी दी गई। शिकायतकर्ता के पति ने इसका विरोध किया। कहा कि अब भी खाद्यान्न पूरा नहीं दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता के पति ने हेल्पलाइन पर राशन कोटेदार की बात करा दी थी। हेल्पलाइन से मोबाइल पर हो रही बातचीत में कोटेदार का कहना था कि 52 किलोग्राम के कट्टे में 48 किलोग्राम खाद्यान्न निकल रहा है। तब वह पूरा कहां से बांटें। हेल्पलाइन और कोटेदार की बातचीत की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए। पूर्ति निरीक्षक बृजेश मिश्रा ने बताया कि जांच में 51 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए। इसमें से 12 उपभोक्ताओं ने कोटेदार पर कम खाद्यान्न देने का आरोप लगाया। अन्य ने कोटेदार का पक्ष लेते हुए पूरा खाद्यान्न देने की जानकारी दी। अब कोटेदार को नोटिस जारी कर उसका स्पष्टीकरण तलब किया गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।