जोखिम के बीच नदी के पानी से गुजरती पिकअप स्रोत : राहगीर
पीलीभीत। शारदा नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है, बावजूद इसके चार पहिया वाहन सवार अपनी जान जोखिम में डालकर पार आ जा रहे हैं। वहीं पैंटून पुल के पास लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की ओर से रोके जाने के बाद भी लोग नहीं माने। बाइक सवार करीब डेढ़ फुट पानी से होकर गुजरते दिखे। भले ही लोगों को आवागमन में सहूलियत मिली है, लेकिन सफर का जोखिम बरकरार है। हालांकि बस यूनियन ने नदी मार्ग पर बसों के संचालन से इन्कार किया है।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार गांवों में आवागमन नदी के रास्ते पर बने पैंटून पुल से होता है। पहाड़ों पर हुई बारिश से शुक्रवार की रात नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी की तीसरी धार पर बनने वाले पुल के स्थान पर रास्ता कटने से शनिवार सुबह से आवागमन बंद हो गया था। वहीं पैंटून पुल पर बसों और चार पहिया वाहनों की आवाजाही थम गई।
रविवार की दोपहर जलस्तर में कुछ कमी आई। रात के समय नदी का पानी फिर से बढ़ गया। इसके बाद भी सोमवार को चार पहिया वाहनों ने नदी रास्ते पर आवाजाही शुरू कर दी। पुल के पास मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, कुछ बसें भी इधर से गुजरीं। हालांकि बाद में पिकअप और अन्य चार पहिया वाहन ही पानी से होकर गुजरते दिखे।
उधर, बाइक चालक करीब डेढ़ फुट पानी से जोखिम के बीच आवाजाही करते नजर आए। पूरनपुर-टारटगंज बस यूनियन के प्रबंधक लियाकत हुसैन ने बताया कि नदी के रास्ते पर सोमवार को बसों का संचालन नहीं किया गया। लोक निर्माण विभाग के जेई मनोज कुमार ने बताया कि जलस्तर कुछ बढ़ा है। रोकने के बाद भी लोगों ने आवाजाही शुरू कर दी है। इससे रास्ता और खराब होगा।
जोखिम के बीच नदी के पानी से गुजरती पिकअप स्रोत : राहगीर
जोखिम के बीच नदी के पानी से गुजरती पिकअप स्रोत : राहगीर