पीलीभीत। नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के शिव नगर कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके मोहल्ला का रहने वाला अर्पित जायसवाल पूर्व से घरेलू संबंध होने की वजह से उसके घर आता जाता था। अर्पित ने अपनी पत्नी को स्टॉफ नर्स बनवाने का हवाला देकर उसकी पत्नी की नौकरी लगाने का झांसा दिया। बातों में विश्वास कर आरोपी ने अपने और अपने परिजनों के खातों में वर्ष 2024 से लेकर जून 2025 तक कुल सात लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि इसके बाद न तो पत्नी की नौकरी लगी और न ही रुपये वापस किए गए। रुपये मांगने पर आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अर्पित, तेज बहादुर, अभिषेक जौहरी, विवाह उर्फ विभा, मानसी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। संवाद