फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनगणना-2027: स्वगणना आज से, 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज करा सकेंगे परिवार का ब्योरा; जानें पूरी प्रक्रिया

Mon, 16 Nov 2026 12:44 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

जनगणना-2027 के तहत स्वगणना की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। पीलीभीत जिले के लोग 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जानें पूरी जानकारी...
विज्ञापन
जनगणना-2027 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। इस बार जनगणना की प्रक्रिया में पहली बार डिजिटल माध्यम के साथ स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत पीलीभीत जनपद के लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। खास बात यह है कि ऑनलाइन विवरण भरने के बाद परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना पड़ेगा। वह इस पहचान संख्या के आधार पर दर्ज जानकारियों का सत्यापन करेंगे।

विज्ञापन


स्व-गणना के लिए भारत सरकार ने https://se.census.gov.in पोर्टल उपलब्ध कराया है। इस पर सबसे पहले राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद भाषा चुनकर घर का पता और डिजिटल नक्शे पर उसकी लोकेशन दर्ज करनी होगी। परिवार के मुखिया को सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरने होंगे। पूरी जानकारी की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। एक परिवार के सभी सदस्यों का विवरण मुखिया ही दर्ज कर सकेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग लॉगिन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

स्वगणना नहीं कर सके तो घर पहुंचेंगे कर्मचारी
डीएम आलोक कुमार ने बताया ऑनलाइन स्व-गणना कराना वैकल्पिक है। जो परिवार निर्धारित अवधि में पोर्टल पर जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक विवरण एकत्र करेंगे। इसके लिए कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़े संकलित करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले परिवारों को भी प्रगणक के आने पर अपनी एसईआईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे उनके द्वारा दर्ज किए गए विवरण का मिलान और सत्यापन किया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए।

विज्ञापन
Trending Videos

40 सवालों में दर्ज होगा परिवार का पूरा विवरण
जनगणना के दूसरे चरण में प्रश्नावली के कुल 40 सवालों के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें नाम, उम्र, लिंग, परिवार में आपसी संबंध, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मातृभाषा, दिव्यांगता सहित विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारियां शामिल होंगी। इस बार जाति से संबंधित जानकारी दर्ज करने का भी प्रावधान किया गया है। इससे जनगणना पूरी होने के बाद जातिवार आबादी के आंकड़े भी सामने आ सकेंगे। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य में सामाजिक एवं आर्थिक योजनाओं के निर्माण और जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किया जा सकेगा।

पहले चरण में छूटे लोगों को भी मिलेगा मौका
जनगणना के पहले चरण में किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाए लोगों को दूसरे चरण में अपनी जानकारी दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि देश का कोई भी नागरिक गणना से वंचित न रहे। परिवार के सदस्य वर्तमान में जिस स्थान पर रह रहे होंगे, उनकी गणना उसी स्थान पर की जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि माता-पिता गांव में रहते हैं और उनके बच्चे किसी दूसरे शहर या कस्बे में रह रहे हैं तो सभी की गणना उनके वर्तमान निवास स्थान के आधार पर होगी। वहीं, छह महीने से अधिक समय से विदेश में रह रहे नागरिकों को इस गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।

बेघर, फुटपाथ पर रहने वाले और संस्थानों में निवास करने वाले भी होंगे शामिल
जनगणना में केवल मकानों में रहने वाले परिवारों की ही जानकारी नहीं जुटाई जाएगी, बल्कि फुटपाथ पर जीवनयापन करने वाले, बेघर और अस्थायी ठिकानों पर रहने वाले लोगों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा जेलों, छात्रावासों, आश्रय स्थलों और अन्य संस्थानों में निवास करने वाले व्यक्तियों का भी विवरण संकलित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत चार जनवरी को सूर्यास्त के बाद उत्तर प्रदेश के शहरों और कस्बों में प्रगणक विशेष अभियान चलाएंगे। इस दौरान फुटपाथ और खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों की गणना रात दस बजे तक पूरी की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए।

प्रगणक नहीं पहुंचे तो 1855 पर दर्ज कराएं शिकायत
प्रशासन ने नागरिकों से गणना प्रक्रिया में सहयोग करने और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। यदि किसी परिवार के घर निर्धारित अवधि में प्रगणक नहीं पहुंचते हैं तो वह 1855 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके बाद संबंधित परिवार की गणना पूरी कराने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के लिए किसी भी व्यक्ति से बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन अथवा ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। ऐसे में नागरिक किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी वित्तीय गोपनीय जानकारी साझा न करें।
विज्ञापन

पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी
डीएम आलोक कुमार ने बताया कि पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की जनसंख्या की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े प्रमाणिक आंकड़े जुटाना है।

उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में नगर में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूरा कराया जा चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना, एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना और पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें