पीलीभीत। ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए धनराशि भेजी गई थी। समीक्षा के दौरान क्रेडिट लिमिट के अनुसार धनराशि खर्च न कर पाने पर पांच सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत व्यय नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2023-24 में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्य के लिए धनराशि जारी की गई थी। ग्राम पंचायतों में जनपद स्तर से निर्धारित की गई क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष धनराशि व्यय अवशेष पाई गई। निर्देश देने के बाद भी ग्राम पंचायतों में शतप्रतिशत धनराशि व्यय नही की गई।
इस लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बरखेड़ा ब्लॉक के सचिव लाल बहादुर, सुमित कुमार, ललौरीखेड़ा के अखिलेश गुप्ता, अमरिया के रामप्रकाश और बिलसंडा के केपी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत धनराशि खर्च कर कार्यालय में रिपोर्ट दें। अन्यथा की स्थिति में कार्यक्षेत्र की संबंधित ग्राम पंचायतों के केंद्र वित्त एवं राज्य वित्त के खातों से धनराशि आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी जाएगी।