बीसलपुर। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने नवनिर्मित सड़क पर समय से पहले कोयला भरे डंपर दौड़ाकर सड़क क्षतिग्रस्त करने के मामले में बजाज एनर्जी के प्रबंधक को नोटिस जारी किया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके जैन ने बताया कि उनके विभाग ने नगर में रेलवे स्टेशन के सामने करीब छह माह पूर्व बहुत अच्छी सड़क बनवाई थी। इसी सड़क से होकर बजाज एनर्जी के कोयला भरे डंपर गुजरते हैं। विभाग ने बजाज एनर्जी के अधिकारियों को एक निश्चित अवधि के बाद इस सड़क से कोयला भरे डंपर दौड़ाने के लिए कहा था, लेकिन डंपर समय से पहले ही दौड़ने लगे, जिससे करीब 100 मीटर की लंबाई में नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
मामला संज्ञान में आते ही लोक निर्माण विभाग ने बजाज एनर्जी के प्रबंधक को नोटिस भेजकर एक सप्ताह में जवाब देने के लिए कहा है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बजाज एनर्जी के प्रंबंधक का जवाब आने के बाद इस संबंध में अगली कार्रवाई की जाएगी। संवाद