पूरनपुर/पीलीभीत। अफसर भले ही संपूर्ण समाधान दिवस पर आने वाले फरियादियों की शिकायत के निस्तारण में गंभीरता बरतने का दावा कर रहे हो, लेकिन धरातल पर सुधार नहीं दिख रहा। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के निस्तारण की गति सुस्त होने से फरियादियों को काफी परेशान होना पड़ा। जिले की सभी तहसीलों में 10 फीसदी से कुछ अधिक शिकायतों का ही निस्तारण हो सका।
पूरनपुर में डीएम संजय कुमार की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 36 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। डीएम ने शेष शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराने का निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं। इसके लिए टीम बनाकर मौके का स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निस्तारण कराने पर जोर देने की हिदायत दी। एसपी अविनाश पांडेय के अलावा अन्य जिला और तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील में एसडीएम आशुतोष गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नौ शिकायतों में से सिर्फ चार फरियादियों की शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इसमें एक शिकायत का मामला कोर्ट में विचाराधीन था। अन्य आठ मामलों का भी निस्तारण नहीं हो सका। इससे फरियादी निराश होकर लौट गए। तहसीलदार अर्ची गुप्ता, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार परितोष द्विवेदी मौजूद रहे।
सात में एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं
कलीनगर। तहसील में सीडीओ केके सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सात शिकायत प्राप्त हुईं। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। सीडीओ ने संबंधित विभाग को शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। संवाद
बीसलपुर का संपूर्ण समाधान दिवस बना मखौल
बीसलपुर। संपूर्ण समाधान दिवस जिम्मेदार अधिकारियों के न होने के कारण मखौल बनकर रह गया। समाधान दिवस में आईं नौ में से केवल एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हो पाया। समाधान दिवस में एसडीएम प्रशासनिक, एसडीएम न्यायिक, तहसीलदार प्रशासनिक, तहसीलदार न्यायिक अधिकारी, सीओ आदि की सीटें खाली पड़ी रहीं। नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह यादव ने शिकायतें सुनीं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की नौ शिकायतें आईं, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण करवा दिया गया। शेष आठ शिकायतें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दींं गईं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, एडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि गांव शेखापुर में जमीन के ओवरलैपिंग के लिए गईं दो जिलों की टीम में गए थे। तहसीलदार भी साथ थे। शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाएगा।
पांच में एक शिकायत का हो सका निस्तारण
अमरिया। एसडीएम मयंक गोस्वामी की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हो सका। बाकी फरियादियों को मायूस लौटना पड़ा। सीओ विधि भूषण मौर्य, प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
लाइन पार राशन लेने जाने में होती है परेशानी
मोहल्ला साहूकारा लाइनपार की राशन की दुकान सालों से पटरी के दूसरी ओर चल रही है। इससे लाइन पार के उपभोक्ताओं को राशन सामग्री लेने पटरी पार कर दूसरी ओर आना पड़ता है। कई बार शिकायत के बाद भी लाइनपार की दुकान लाइन के दूसरी ओर स्थापित नहीं कराई जा रही है। अब दुकान का स्थान बदलवाने का आश्वासन दिया गया है। - राजेंद्र आर्य, व्यापारी नेता
कभी भी ढह सकता है तहसील भवन
पुराना तहसील भवन जर्जर है। भवन के ढहने से हादसे की आशंका बनी हुई है। भवन की नीलामी भी हो चुकी है। अफसर कम नीलामी की बात कह रहे हैं। इससे पहले दो बार डीएम से मिलकर भवन को ध्वस्त कराने की मांग की गई। शनिवार को डीएम से मिलकर भवन को ध्वस्त कराने की मौखिक मांग की गई है। ताकि हादसा की आशंका न रहे। - अमिताभ मिश्र, अध्यक्ष प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन
बीमा कंपनी ने नहीं दिया भुगतान, लगा रहीं हूं चक्कर
पति लालाराम की 15 अगस्त 2019 को सांड़ के हमले में कुएं में गिरकर मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित बीमा योजना के तहत एसडीएम के समक्ष क्लेम 21 अक्तूबर 2019 को प्रस्तुत किया। बीमा कंपनी ने उसके दावे को खारिज कर दिया। इस पर आपत्ति के बाद भी अब तक क्लेम नहीं मिला। क्लेम के लिए अफसरों के चक्कर लगा रहीं हूं। - रामकली, गांव गढ़ाकलां, जोगराजपुर
न्याय नहीं मिला तो दान कर दी जमीन
असम हाईवे पर एक एकड़ पांच डिस्मिल जमीन है। पूर्व में जमीन में से 20 डिस्मिल जमीन हाईवे में निकाल दी गई। शेष जमीन पर कॉलोनाइजरों ने कब्जा कर कॉलोनी बना डाली। दर्जनों बार शिकायत के बाद भी न्याय नहीं मिला। हारकर आज 71 डिस्मिल जमीन दान कर दी। दान की गई जमीन में 1926 वर्ग गज सरकार, एक हजार वर्ग गज सनातन धर्म सभा को, पांच सौ वर्ग गज पंजाबी सभा को उठावनी हाल बनाने के लिए दी है। इसकी लिखित सूचना संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को दी। - कमल अलग
जर्जर तहसील भवन की दोबारा नीलामी की प्रक्रिया चल रही है। इसका प्रस्ताव भेजा गया है। कमल अलग ने स्वेच्छा से जमीन दान में देने के लिए पत्र दिया है। किसान के बीमा क्लेम को कंपनी ने रिजेक्ट कर दिया था। बाद में रामदेवी हाईकोर्ट गईं। कोर्ट ने पुन: सुनने के आदेश दिए हैं। राशन कोटे की दुकान शासनादेेश के अनुसार संचालित हो रही है। - अजीत प्रताप सिंह, एसडीएम पूरनपुर
रामकली
रामकली
रामकली
रामकली