पीलीभीत। शहर और ग्रामीण इलाके के कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर खराब गुणवत्ता का दलिया पहुंच गया। दलिया काला और गुच्छे जैसे था। शिकायत मिली तो अफसर सतर्क हो गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग से दलिया की सैंपलिंग कराई। डीएम और लखनऊ मुख्यालय सूचना भेज दी गई है। जल्द ही आपूर्तिकर्ता संस्था नैफेड को खराब दलिया लौटाया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पढ़ने वाले बच्चों और गर्भवती-धात्री महिलाओं को प्रतिमाह पुष्टाहार बांटा जाता है। इसमें दलिया, दाल, रिफाइंड आदि सामग्री शामिल है। इसकी आपूर्ति संस्थाओं की ओर से संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय में की जाती है। जहां से आंगनबाड़ी केंद्रों भी पुष्टाहार भेजा जाता है।
इस बार संस्था ने खराब गुणवत्ता की दलिया भेज दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर दलिया पहुंचा तो शिकायतें शुरू हो गईं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने केंद्रों से दलिया वापस मंगाया और गोदाम में भी रखे दलिया की जांच कराई। जांच में 50 से 60 बोरी दलिया खराब मिला है। विभाग इसे जल्द ही आपूर्तिकर्ता संस्था नैफेड को लौटा देगा।
नैफेड संस्था करती है पुष्टाहार की आपूर्ति
जिले में दिल्ली की नैफेड संस्था पुष्टाहार की आपूर्ति करती है। दलिया खराब आने की शिकायत पर डीपीओ ने मामले की जानकारी संस्था को दी। डीएम और लखनऊ निदेशालय को भी इसकी सूचना दी गई है। डीपीओ युगल किशोर सांगुडी ने बताया कि शहर और कुछ ब्लॉकों से खराब गुणवत्ता का दलिया पहुंचने की जानकारी मिली थी। दलिया वितरण न करने को कहा गया है। सभी जगह से दलिया मंगाकर संस्था को वापस भेजा जा रहा है। संस्था ने करीब 50 से 60 बोरी दलिया सप्लाई किया था।
कई केंद्रों पर हो चुका है वितरण
बताया जा रहा है कि जिले में कई केंद्रों पर इसी दलिया का लाभार्थियों में वितरण भी किया जा चुका है। खराब दलिया लाभार्थियों से वापस कैसे लिया जाए, यह बड़ा सवाल है। अगर वापस नहीं लिया जाता है तो अन्य लाभार्थी इसी का सेवन करेंगे। हालांकि विभाग वितरण न होने की बात कह रहा है।