जल निगम कार्यालय में निरीक्षण के दौरान जानकारी करते डीएम पुलकित खरे।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। डीएम के निरीक्षण में जल निगम कार्यालय के कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। अधिशासी अभियंता छुट्टी के बाद दूसरे दिन ड्यूटी पर समय पर नहीं पहुंचे। इस पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने सभी गैरहाजिर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
डीएम पुलकित खरे ने मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे जल निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले कर्मचारियों की मौजूदगी और पटल सहायक के कार्यों की जांच की। सहायक अभियंता एके त्यागी, बर्क एजेंट कमल सिंह, जूनियर फिटर त्रिलोक चंद्र, मोहम्मद नदीम, चौकीदार मीना देवी गैरहाजिर मिलीं। डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता के न मिलने पर परिसर में मौजूद सहायक अभियंता से बात की गई तो सोमवार तक अवकाश पर होने का पता चला, मगर मंगलवार सुबह पौने 11 बजे तक कार्यालय न पहुंचने पर नाराजगी जताई। उनका भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। भ्रमण कर सफाई और अन्य व्यवस्था परखीं। इस दौरान हैंडपंप खराब मिला। उसे ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ेदान रखवाने को कहा। परिसर की खाली जगह को बाग के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। लैब में पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए कराई जा रही कार्रवाई को जाना। कर्मचारियों ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट लखनऊ प्रेषित की जाती है, वहीं से कार्रवाई होती है। इसके बाद अनुपयोगी सामग्री की सूची बनाकर नीलामी कराने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड को भी पूर्ण करने पर गंभीरता से काम कराने के लिए कहा। यह भी कहा कि काम पूरा होने तक अधिशासी अभियंता का वेतन आहरित न किया जाए।