पीलीभीत। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के बाद डीएम आवास के कर्मचारियों के संक्रमित निकलने का सिलसिला जारी है। अब दो और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। परिसर का सैनिटाइजेशन भी कराया गया। अब टीमें संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की सूची बना रही हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के बाद डीएम आवास के 12 लोग संक्रमित निकल चुके थे। मंगलवार को लखनऊ लैब से आई जांच रिपोर्ट में डीएम आवास में कार्यरत दो और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले। इनके अलावा अमरिया के जटपुरा और न्यूरिया कस्बे का एक-एक कोरोना पॉजिटिव निकला। अर्बन पीएचसी की रैपिड रिस्पांस टीम ने डीएम आवास के संक्रमितों को घरों पर होम आइसोलेट कराया। इसके अलावा पूरे डीएम आवास को सैनिटाइज करने के बाद परिवार वाले और संपर्क में आने वालों की सैंपलिंग कराई गई। वहीं अन्य दो संक्रमितों के परिवार वालों की भी सैंपलिंग कराई गई है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि संक्रमितों को जांच के बाद होम आइसोलेट किया गया है। संपर्क में आने वालों की जांच कराई जा रही है। अभी सावधानी बरतने की जरूरत है। अगर लापरवाही बरती तो संक्रमण चपेट में आ सकते हैं। संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की भी सूची बनवा रहे हैं।