फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: पासवर्ड पूछा... ऑनलाइन ट्रांसफर किए रुपये, फिर बैंककर्मी को मार डाला; सात लुटेरे गिरफ्तार

Fri, 27 Oct 2023 03:39 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत के सुनगढ़ी क्षेत्र में निजी बैंक के कर्मचारी यूसुफ का शव मिला था। लूट के बाद उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि लुटेरों ने यूसुफ के मोबाइल फोन से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर की थी। इसके बाद उसकी हत्या कर दी थी।   
विज्ञापन
बैंककर्मी की हत्या के आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत में निजी बैंककर्मी मोहम्मद युसूफ से लूटपाट के बाद उसकी हत्या करने वाले सभी सातों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पता चला कि चिड़ियादाह के आरोपी युसूफ को पहचानते थे, लूटपाट के बाद राज खुलने का डर था, इसलिए बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों पर डकैती, हत्या, शव छिपाने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। शव मिलने के बाद गौहनिया और चिड़ियादाह गांव में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

विज्ञापन


थाना अमरिया क्षेत्र के ग्राम गायबोझ निवासी 26 वर्षीय युसुफ अलीगढ़ में बंधन बैंक में कार्यरत था। 21 अक्तूबर को वह सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम चिड़ियादाह में अपनी नानी के यहां आ रहा था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचने पर चिड़ियादाह व गौहनिया के कुछ लड़कों ने उसे अकेला देखकर लूटपाट की। युसूफ से उसका मोबाइल छीन लिया। लाठी-डंडों से पीटकर उससे यूपीआई का पासवर्ड पूछा। पासवर्ड पता चलते ही खपरैल गौटिया के संजीव के खाते में 98 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। 

ये भी पढ़ें- UP News: त्योहारी सीजन में खर्चे बढ़े, चाइनीज एप से लोन लेकर फंस रहे लोग; आप न करें ये गलती
विज्ञापन


हमलावरों में शामिल सूरज तिवारी उर्फ बबलू पंडित युसूफ को जानता था। युसूफ की नानी का घर बबलू पंडित के घर से कुछ ही दूरी पर है। युसूफ नानी के घर अक्सर आता-जाता रहता था। गांव में लूटपाट की बात पता चलने के डर से बबलू, उसके साथियों ने लाठी डंडे व ईंट पत्थर मारकर युसूफ की हत्या कर दी। शव बाईपास किनारे पर स्थित एक खेत में फेंक दिया। 

पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बैंक से निकाले गए रुपयों में से 85 हजार रुपये व युसूफ का मोबाइल भी बरामद हो गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम करवा दिया। परिवार वाले रात को ही शव अमरिया ले गए। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शव का सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

इन लोगों ने की हत्या
एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि हत्याकांड में चिड़ियादाह गांव के निवासी राजकुमार पुत्र गंगाराम, दीपक पुत्र श्याम बिहारी वर्मा, सूरज कुमार तिवारी उर्फ बब्लू पंडित पुत्र राजकुमार तिवारी, अमन वर्मा पुत्र नरेन्द्र वर्मा, जहानाबाद के खमरिया पुल निवासी नितिन पुत्र सोहनलाल, बिलसंडा के ईंटगांव निवासी रोहन सागर उर्फ गब्बर पुत्र लाली कारीगर, संजीव भारती को गिरफ्तार किया गया है।

गुस्साए लोगों ने शराब की दुकानों पर की तोड़फोड़
युसूफ की हत्या के बाद से चिड़ियादाह के लोगों में आक्रोश फैल गया। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे चिड़ियादाह गांव के करीब 30 से 40 लोगों गौहनिया क्रॉसिंग के पास स्थित शराब की दुकान के पास पहुंच गए और हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सामान तोड़ दिया। भीड़ ने दो राहगीरों को भी पीट दिया। 
विज्ञापन

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने तो पुलिस ने भीड़ को खदेड़ना शुरू कर दिया। करीब 45 मिनट तक बवाल चलता रहा। सूचना मिलते ही सदर एसडीएम देवेंद्र सिंह, सीओ सिटी अंजू जैन, कोतवाली इंस्पेक्टर नरेश त्यागी, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दोबारा बवाल न हो इसको लेकर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें