पीलीभीत। दिल्ली के लिए रवाना हुई रोडवेज बस मंगलवार देर शाम टाइगर तिराहे से पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों में कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की सूचना है।
मंगलवार देर शाम रोडवेज की बस यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। टाइगर तिराहे से पहले अचानक बस असंतुलित हो गई। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और यात्रियों की मदद की। बस के खेत में जाने से सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद बस को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। एआरएम प्रांशु पाठक ने बताया कि दिल्ली जा रही बस असंतुलित होकर खेत में घुस गई। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। संवाद