जहानाबाद। कस्बे में एक फर्नीचर व्यापारी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पीड़ित की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, इसके बाद एसपी के हस्तक्षेप पर करीब 20 दिन बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम डांग निवासी इकरार अंसारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी जहानाबाद कस्बे में फर्नीचर की दुकान है। आरोप है कि 25 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी व्यापारी शकील और उसकी दुकान पर काम करने वाला अकरम रंजिश के चलते उससे गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने इकरार अंसारी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में वह थाना जहानाबाद पहुंचा, जहां उसका मेडिकल भी कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वह कई बार थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस पर अभद्रता का भी आरोप लगाए गए। थाने में न्याय न मिलने पर वह एसपी के समक्ष पेश हुआ और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।