पीलीभीत। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिले भर में शिवालय बम-बम भोले की जयकारों से गूंज उठे। शिवभक्तों ने शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की। वहीं शहर की सड़कें कांवड़ियों की भीड़ के चलते केसरियां रंग से पटी दिखाई दीं। हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।
सोमवार सुबह से ही शहर के शिवालय बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। भगवान भोले की कृपा पाने व जलाभिषेक के लिए शिवभक्त बेताब रहे, यह सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर, अर्द्धनारीश्वर मंदिर, दूधियानाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं के अलावा बच्चे और बुजुर्ग भी भगवान शिव की कृपा पाने के लिए आतुर नजर आए। मंदिरों में सुबह होते की कतार लग गईं। शिव भक्त हाथों में पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचे और दूध, दही, शहद, घी, शक्कर, चावल आदि से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। धतूरा, बेलपत्र, मिठाई आदि चढ़ाकर परिवार की सुख समृद्धि और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। गौरीशंकर मंदिर में शिव भक्तों की खासी भीड़ रही। गौरीशंकर मंदिर व दूधियानाथ मंदिर में शिव भक्तों ने भगवान भोले की पूजा अर्चना की। वहीं कई शिवभक्तों ने घरों में भी भगवान शिव की आराधना की। शिवालयों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम भी हुए। जिसमें बड़ी तादाद में शिवभक्तों ने हिस्सा लिया। इधर दूसरे सोमवार को हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों ने शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक किया और भगवान शिव की आरती की। इसके चलते शहर की सड़कें केसरिया रंग से पटी दिखाई दीं। सड़कों पर भी उत्साही शिव भक्त हर हर महादेव के जयकारे लगाते दिखे। शिवभक्तों का शिवालयों में पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
पूरनपुर। सावन के दूसरे सोमवार को नगर के शिव मंदिरों में पूजा, अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। क्षेत्र के सिरसा जंगल में स्थित इकोहत्तरनाथ मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
अमरैयाकलां। गांव सुखदासपुर में करीब 45 कांवरियों का जत्था रविवार को शारदा नदी पर जल भरने को रवाना हुआ था। दूसरे दिन सोमवार को कांवरियों ने बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। कांवड़ियों का नगर के एक स्थान पर स्वागत किया गया।
बीसलपुर। सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने व्रत रहकर मंदिरों में पूजा अर्चना की। प्रसाद, पुष्प, बेल पत्र, धतूरे, दूध चढ़ाया और मनौतियां मांगी। शिव मंदिरों में पूजा अर्चना का कार्य सुबह से ही शुरू हो गया था, जो दोपहर तक जारी रहा। दोपहर बाद श्रद्धालुओं ने शिवमंदिरों में भजन कीर्तन किए। नगर के गुलेश्वर नाथ मंदिर में कांवड़ियों ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों से लाए गंगाजल को चढ़ाया। कावंड़िये गुलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। लोगों ने कांवड़ियों पर गुलाल और फूलों की वर्षा की। मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों से भगवान शिव का जलाभिषेक कर आराधना की।
चुर्रासकतपुर। गांव किशनी के शिव मंदिर में सोमवार को पूजा अर्चना का क्रम पूरे दिन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने मनौतियां मांगी।
अमरिया। हरिद्वार से जल लेकर वापस आए कांवड़ियों ने शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर जलभिषेक किया। सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था। जो दोपहर तक जारी रहा। हरिद्वार से जल लेकर आए कांवड़ियों ने शिव मंदिर में जलाभिषेक किया।