मझोला(पीलीभीत)। बिरहैनी-सितारगंज मार्ग पर फोरलेन निर्माण की गुणवत्ता बरसात में सवालों के घेरे में आ गई है। शासन की 107 करोड़ की स्वीकृति से 13 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है, लेकिन बाढ़ और बारिश के चलते नई बनी कई पुलिया धंस गईं हैं। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनपद से उत्तराखंड जाने वाला 13 किलोमीटर लंबा मझोला बिरहैनी-सितारगंज मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की नियमित आवाजाही रहती है। औद्योगिक क्षेत्र होने के चलते बड़े वाहनों का भी दबाव बना रहता है। सिंगल लेन होने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसको लेकर क्षेत्रीय लोग इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग कर रहे थे। पिछले साल शासन की ओर से मार्ग को फोरलेन बनाने को मंजूरी दे दी गई थी। इसके लिए 107 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। लोक निर्माण विभाग की ओर से कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्य शुरू कराया गया। मार्ग को करीब 15 मीटर चौड़ाकर फोरलेन बनाने की कवायद शुरू की गई। इसके बाद मार्ग के दायरे में दोनों ओर खोदाई का कार्य कराने के साथ पुरानी पुलिया का विस्तार और बेहतर जलनिकासी के लिए करीब सात से आठ नई पुलियों का निर्माण कराया गया।
इधर बरसात के दौरान नई बनी लगभग चार पुलियों का हिस्सा धंस गया, कई जगह हाईवे भी बैठने लगा है। इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और बाढ़ की चपेट में आने से सड़क व पुलियों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं अधूरा पड़ा निर्माण कार्य भी प्रभावित हुआ है।
अब तक करीब 40 फीसदी पूरा हो सका निर्माण
मझोला बिरहैनी-सितारगंज मार्ग का पिछले साल 2024 के अंतिम माह में निर्माण शुरू किया गया था। मार्ग पर अबतक 40 फीसदी ही काम पूरा हो सका है। इसमें पुलियों के विस्तार के साथ चौड़ीकरण का कार्य भी शामिल है। विभागीय अफसरों का कहना है कि गुणवत्ता का ध्यान रखकर कार्य को नियमित अंजाम दिया जा रहा है। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कार्य धीमी गति से कराए जाने के साथ ही गुणवत्ता की अनदेखी भी की जा रही है।
एक पुलिया पर खर्च हुए दो लाख
मझोला-बिरहैनी सितारगंज मार्ग के निर्माण के दौरान जलनिकासी की सुविधा को बेहतर करने के लिए करीब सात-आठ नई पुलिया का निर्माण कराया गया था। विभागीय स्टीमेट के अनुसार एक पुलिया को बनाने में करीब दो लाख रुपये का बजट खर्च हुआ। ऐसे में बरसात के दौरान करीब चार पुलिया धंस गई। जिससे करीब आठ लाख रुपये का बजट का नुकसान पहुंचा।
फोटो
मझोला-बिरहैनी सितारगंज हाईवे का निर्माण कार्य सुस्त है। बरसात में कई पुलिया धंस गईं हैं। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ है। - गुरमेल सिंह, कुलारा फार्म
फोटो
अभी 40 फीसदी तक ही काम हो सका है। जो कार्य हुआ वह भी बरसात के दौरान प्रभावित हुआ। कई पुलिया धंस गई, मार्ग भी बैठ गया। - मंजीत सिंह, बैला पोखरा फार्म
-