डायट में हो रही खेलकूद प्रतियोगिता में टेबल टेनिस में प्रतिभाग करते शिक्षक स्रोत : आयोजक
बीसलपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में चल रही बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। पुरुष वर्ग की एकल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पूरनपुर की टीम ने बाजी मारी। शतरंज में बरखेड़ा की टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। बेसिक वर्ग की पुरुष वर्ग एकल टेबल टेनिस में पूरनपुर की टीम विजेता और बीसलपुर की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में ललौरीखेड़ा की टीम ने जीत हासिल की।
मरौरी की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में बरखेड़ा की टीम विजेता और मरौरी की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में मरौरी विजेता और ललौरीखेड़ा उपविजेता रही।
माध्यमिक वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में ललौरीखेड़ा की टीम ने बाजी मारी। बीसलपुर की टीम उपविजेता रही। बेसिक के पुरुष वर्ग कैरम प्रतियोगिता में बिलसंडा की टीम विजेता व बीसलपुर की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में भी बिलसंडा की टीम ने बाजी मारी। ललौरीखेड़ा की टीम उपविजेता रही। माध्यमिक पुरुष वर्ग और महिला वर्ग दोनों में बिलसंडा की टीम ने बाजी मारी। निर्णायक मंडल में डायट का स्टाफ शामिल रहा।
डायट में हो रही खेलकूद प्रतियोगिता में टेबल टेनिस में प्रतिभाग करते शिक्षक स्रोत : आयोजक