पूरनपुर में स्मार्ट बिजली रीडिंग मीटर के विरोध में धरना स्थल पर वार्ता करते एसडीओ और अधिशासी अभ
- फोटो : 1
पूरनपुर। भाकियू (भानू) कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिशासी अभियंता को सात सूत्री ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान के लिए 20 दिन का समय दिया।
बृहस्पतिवार को मंडल अध्यक्ष लालू मिश्रा के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता कार्यालय गेट पर कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता परेशान हैं। खपत से अधिक बिजली बिल आ रहा है। महीने में कई बार बकाया जमा करने के बाद भी उनकी बिजली कट जाती है। समस्या पर अफसरों के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। इससे पहले भी समस्याओं को लेकर ज्ञापन देकर निस्तारण की मांग की गई।
ज्ञापन में बगैर उपभोक्ताओं की मर्जी के स्मार्ट मीटर न लगाने, प्रलोभन या धमकी देकर स्मार्ट मीटर लगवाने वाले कर्मचारियों को हटाने, लग चुके स्मार्ट मीटरों से हो रही समस्याओं के समाधान को सप्ताह में दो बार स्पेशल कैंप लगवाने आदि की मांग की गई। धरना स्थल पर पहुंचे अधिशासी अभियंता और एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। इससे प्रदर्शनकारी संतुष्ट नहीं हुए। प्रदर्शनकारियों ने सात सूत्री ज्ञापन अधिशासी अभियंता को दिया। अधिशासी अभियंता और एसडीओ ने आश्वासन दिया है।
ज्ञापन में समस्याओं के समाधान को 20 दिन का समय देकर आंदोलन की चेतावनी दी गई। धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष बीएल क्रोधी, धर्मेंद्र गुप्ता, सबलू खां, तौफीक अहमद कादरी आदि शामिल रहे। संवाद