बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल में डेलीगेट के चुनाव के लिए शुक्रवार को दिनभर नामांकन दाखिल किए गए।
मिल परिसर में सुबह 10 बजे से ही नामांकन पत्र बिकने का कार्य शुरू हो गया था। इच्छुक लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे और निर्वाचन अधिकारी मृदुला के समक्ष जमा किए। नामांकन पत्र जमा होने का कार्य पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हो गया था, जो शाम पांच बजे तक जारी रहा। लोगों की सुविधा के लिए नामांकन पत्र बेचने के लिए 11 पटल बनाए गए थे।
उन पटलों पर एक-एक कर्मचारी तैनात किया गया था। सुरक्षा के लिहाज से मिल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। मौसम खराब होने के बावजूद काफी लोग नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे। कुछ लोगों ने अपने नामांकन पत्र अधिवक्ताओं से भरवाए। इस सिलसिले में मिल परिसर में पूरे दिन मेले जैसा नजारा बना रहा।
पूरनपुर में भी पूरी हुई नामांकन प्रक्रिया
पूरनपुर। द किसान सहकारी चीनी मिल में डेलीगेट चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। नामांकन जमा करने वाले डेलीगेट प्रत्याशियों की लाइन लगी। इधर, सहकारी गन्ना समिति में डेलीगेट के नामांकन पत्रों की जांच भी की गई।
चीनी मिल में शुक्रवार सुबह 10 बजे 145 डेलीगेट के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन जमा करने वाले डेलीगेट प्रत्याशियों की भीड़ लगी। शाम पांच बजे तक नामांकन जमा किए गए। इसी क्रम में सहकारी गन्ना समिति में शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच भी की गई। वैध नामांकन पत्रों की सूची देखने वालों की भीड़ रही। 30 सितंबर को नामांकन पत्रों की वापसी, प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रदर्शन, चुनाव चिह्न आवंटन और तीन अक्तूबर को चुनाव होगा। चीनी मिल में 30 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रदर्शन, एक अक्तूबर को नामांकन वापसी, चुनाव चिह्नों का आवंटन और चार अक्तूबर को चुनाव होगा। संवाद
बीसलपुर चीनी मिल में नामांकन पत्र खरीदने के लिए लगी प्रत्याशियों की लाइन।संवाद