नेहरू पार्क में धरना देकर सौंपे ज्ञापन
पंचायत राज विभाग को ग्राम्य विकास विभाग से अलग करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पंचायती राज सेवा परिषद के सदस्यों ने दूसरे दिन भी सामूहिक अवकाश लेकर नेहरू पार्क में धरना दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों का घेराव कर एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपे।
पंचायती राज विभाग के अधिकारी कर्मचारी पिछले काफी समय से विभिन्न चरणों में आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिकारी नेहरू पार्क में एकत्र हुए और धरना दिया। इस दौरान पहले मोटर साइकिलों से जुलूस के रूप में पूरनपुर से सपा विधायक पीतमराम के आवास पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद दोपहर को धरना स्थल पहुंचे राज्यमंत्री हेमराज वर्मा का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरूणमणि त्रिपाठी व श्रद्धा शांडिल्यायान को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। देरशाम लॉ कॉलेज पहुंचकर राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पंचायती राज विभाग को ग्राम्य विकास से अलग करने, एडीओ पंचायत को बीडीओ के नियंत्रण से बाहर करने, पंचायत सचिवों का काम देख रहे ग्राम विकास अधिकारियों को हटाकर सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अधिकारी परद पर प्रोन्नति देने की मांग की गई है। धरना प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष अरविंद वर्मा, महामंत्री संजय प्रकाश, धर्मपाल, अजय कुमार सिंह, हशमुद्दीन खां, रवि प्रकाश मिश्रा, कृष्ण कुमार, वली मोहम्मद, हरी सिंह गंगवार, राजाराम, राजा तोमर, ओमप्रकाश माथुर, पवन शुक्ला, कौशलेंद्र सिंह चौहान, चमन शर्मा, सीमा बेगम, राजेश बाबू मौजूद रहे।