पीलीभीत। वर्ष 2024-25 में होने वाले पौधरोपण को लेकर सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। डीएफओ ने सभी विभागों से इसकी कार्ययोजना मांगी है। इस क्रम में बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों से ब्लॉक क्षेत्र के सभी स्कूलों की कार्ययोजना को तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जुलाई माह में वृहद पौधरोपण किया जाता है। सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से हर विभाग को उनकी मांग के सापेक्ष पौध उपलब्ध कराई जाती है। सामाजिक वानिकी की ओर से पौधरोपण को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी विभागों से भेजे गए प्रारूप पर कार्ययोजना मांगी गई है। सामाजिक वानिकी के डीएफओ की ओर से भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को प्रारूप की काॅपी भेजी है।