पूरनपुर। सीएचसी में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामले में उसके पिता ने स्टाफ नर्सों पर तीन हजार रुपये की सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर स्टाफ नर्सों के बयान लिए। स्टाफ नर्सों ने तलब किए गए स्पष्टीकरण का दूसरे दिन भी जवाब नहीं दिया।
घुंघचाई के ग्राम उदरहा निवासी विशाल ने बुधवार को प्रसव पीड़ा के चलते अपनी पत्नी सोनी देवी को सीएचसी में भर्ती कराया था। प्रसव के बाद विशाल ने परिजन के साथ नवजात की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। हालांकि स्टाफ नर्सें और चिकित्सक नवजात के मृत पैदा होने का तर्क देते रहे।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज शर्मा ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स प्रियंका गंगवार और सविता का स्पष्टीकरण तलब किया। स्पष्टीकरण के लिए दो दिन का समय दिया गया। बृहस्पतिवार को विशाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में स्टाफ नर्सों पर तीन हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीएचसी पहुंची पुलिस ने स्टाफ नर्सों के बयान लिए हैं। स्पष्टीकरण पर स्टाफ नर्सो ने घटना की मौखिक जानकारी दी है। स्पष्टीकरण देने का समय शुक्रवार तक दिया गया है। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि विशाल की ओर से मिले शिकायतीपत्र को सीएमओ के पास भेजा जाएगा। उनके स्तर से जांच होने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।