मोहल्ला शेरमोहम्मद में पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क। संवाद
पीलीभीत। शहरवासियों का पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का इंतजार अब खत्म होने वाला है। एचपीसीएल की सिटी गैस परियोजना के तहत शहर के 23 मोहल्लों में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। इन क्षेत्रों में अब तक 1443 नए घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
कंपनी अब पूरे नेटवर्क का प्रेशर टेस्ट, सुरक्षा जांच और तकनीकी निरीक्षण अंतिम चरण में कर रही है। सभी मानकों की जांच पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से घरों में गैस आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। पीलीभीत को गैस की सप्लाई बरेली स्थित गैस नेटवर्क से मिलेगी।
इससे पहले मार्च माह में 13 मोहल्लों में ही पीएनजी पाइपलाइन पहुंची थी, जिससे 392 लोगों को कनेक्शन मिला था, लेकिन जुलाई माह में चल रहे काम में तेजी आई। अब 23 मोहल्लों में नेटवर्क तैयार होने के बाद 1835 उपभोक्ताओं को कनेक्शन मिल चुका है।
करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुई इस परियोजना में पहले मुख्य सड़कों पर स्टील पाइपलाइन और उसके बाद मोहल्लों में एमडीपीई पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार किया गया। जिन इलाकों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां घर-घर सर्वे कर गैस कनेक्शन दिए गए हैं। कंपनी का लक्ष्य अगले चरण में शेष मोहल्लों तक भी नेटवर्क पहुंचाकर अधिक से अधिक परिवारों को इस सुविधा से जोड़ना है।
फिलहाल, शहर में 27 वार्ड है, जिनमें 60 मोहल्ले हैं। इनमें 23 मोहल्लों में काम पूरा हो चुका है। अब अन्य क्षेत्रों में भी चल रहे काम में तेजी आई है। संवाद
मोहल्ला शेरमोहम्मद में पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क। संवाद