पीलीभीत। गर्मी बढ़ने के साथ मेडिकल स्टोर से लेकर परचून की दुकान तक इन दिनों ओआरएस, इलेक्ट्राल और ग्लूकोज की डिमांड बढ़ गई है। सामान्य दिनों के मुकाबले बिक्री पांच गुना तक बढ़ी है। तीस दिन में पचास लाख रुपये से अधिक का ओआरएस और ग्लूकोज बिका है।
जून में बारिश होने के बाद यही बिक्री दस लाख रुपये का आंकड़ा नहीं छू पाएगी। इस महीने जब से गर्मी बढ़ी है तब से लगातार बिक्री भी बढ़ रही है। यह स्थिति तब है जब सरकारी अस्पतालों में ओआरएस निशुल्क मिलता है। जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी डा. रमाकांत सागर ने बताया कि ओआरएस मुख्य रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी है जिन्हें डिहाइड्रेशन या डायरिया हुआ है। डिहाइड्रेशन होने पर शरीर में नमक और पानी की कमी हो जाती है। ऐसे में ओआरएस घोल लेना उचित है लेकिन अगर आप घर पर हैं और ओआरएस उपलब्ध न हो तो घर में नमक पानी का घोल भी विकल्प हो सकता है।
चिकित्साधिकारी ने बताया कि सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में गर्मी के चलते बीमार होने वालों की संख्या बढ़ी है। इस स्थिति में सतर्कता दिखाने की जरूरत है। गर्मी में पसीना ज्यादा निकलता है। ऐसे में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। प्रदूषित पानी और बासी भोजन से डायरिया होता है। सेहत को सुरक्षित रखना सबके लिए चुनौतीपूर्ण है।
इन बातों का रखें ध्यान
पानी की कमी को पूरा करने के लिए फलों का सेवन भी करें
हाइजीन का विशेष ध्यान रखें
हाथ धोकर ही खाना खाएं और फ्रेश भोजन लें
नारियल और नींबू पानी का भी सेवन करते रहें
शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए फलों का सेवन भी करें
क्या होता है ओआरएस
- ओआरएस की फुल फॉर्म ओरल रीहाइड्रेशन साल्ट्स है। गर्मी में डायरिया से बचाव के लिए सबसे किफायती इलाज है। इसमें साल्ट (इलेक्ट्रोलाइट) और चीनी होती है। इन दोनों का मिश्रण शरीर में गट (पेट) से इलेक्ट्रोलाइट और पानी के अवशोषण को तेज करता है। इससे उल्टी और दस्त से राहत मिलती है। शरीर में पानी और नमक की कमी पूरी हो जाती है।
घर में ऐसे तैयार करें ओआरएस
- सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि वैसे तो सरकारी अस्पतालों में ओआरएस के पैकेट आम जनता के लिए मुफ्त में उपलब्ध हैं लेकिन घर के ओआरएस से अच्छा कुछ नहीं है। एक गिलास पानी में एक चम्मच चीनी डालें। चुटकी भर नमक और चाहें तो स्वाद के अनुसार नीबू निचोड़ लें। इससे शरीर में नमक व पानी की कमी दूर हो जाएगी।
बिना जरूरत ओआरएस न लें
अगर आपने तीन घंटे तक लगातार पसीना बहाया है तो आपके लिए ओआरएस का घोल लेना जरूरी है। अब एक गिलास पानी में उपयोग होने वाले ओआएएस पैकेट भी उपलब्ध हैं लेकिन अगर आप ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और बिना जरूरत ओआरएस ले रहे हैं तो इससे ब्लड प्रेशर बढ़ेगा।
कोट--
जब से भीषण गर्मी शुरू हुई है तब से हर रोज ओआरएस, ग्लूकोज और इलेक्ट्राल की बिक्री बढ़ रही है। जून में बारिश होते ही यह बिक्री घटेगी। मेरा आंकलन है कि जिले में एक महीने में 50 लाख रुपये से अधिक का ओआरएस, इलेक्ट्राल और ग्लूकोज बिक जाता है। - अनिल अरोरा,. अध्यक्ष, केमिस्ट ऐंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन