पीलीभीत। दुकान बेचने के नाम पर तीन लोगों ने स्वर्ण समाज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा से एक लाख की ठगी कर ली। कई बार बैनामा कराने को कहा, मगर टाल गए। इस पर पीड़ित ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में राकेश वर्मा ने बताया है कि उन्होंने अमर सिंह, दिलीप कुमार, मानसिंह निवासी मोहल्ला बल्लभनगर कॉलोनी से एक दुकान का सौदा किया था। दुकान का छह लाख 85 हजार में सौदा हुआ था। एक लाख एडवांस दे दिया था। जब दुकान का बैनामा कराने को कहा, तो उन लोगों ने कहा कि दुकानों का जब निर्माण शुरू हो जाएगा, तभी एक दुकान का बैनामा करा दिया जाएगा। इसके बाद दुकानों का निर्माण शुरू हो गया। इस पर उन लोगों से निर्माण होने पर बैनामा कराने को कहा, मगर वह लोग टाल मटोल करने लगे। अभी तक उन लोगों ने बैनामा नहीं कराया। पैसा भी वापस नहीं किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।