जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन संवाद
पीलीभीत। जिले में ठंडी हवाओं और गिरते पारे का असर अब लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। खासकर सिरदर्द की समस्या तेजी से बढ़ रही है। लगातार ठंडी हवा के संपर्क में रहने और दिन-रात के तापमान में अंतर के कारण लोगों को तेज सिरदर्द, माइग्रेन व चक्कर आने जैसी शिकायतें हो रही हैं। जिला अस्पताल की सर्जरी ओपीडी में मरीजों की भीड़ जुट रही है।
बृहस्पतिवार को न्यूरो चिकित्सक के कक्ष के मरीजों की लंबी कतार दिखी। विभाग अध्यक्ष डॉ. जगदंबा सरन ने बताया कि ठंडी हवाओं के कारण सिर की नसों में संकुचन हो जाता है। इससे सिरदर्द की समस्या बढ़ जाती है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं माइग्रेन से पीड़ित मरीज इस समस्या से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मरीजों को सलाह देते हुए कहा कि सिर को मफलर से ढक कर रखें। गर्म पानी से नहाएं, मोबाइल और टीवी निश्चित समय तक ही देखें। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 150 मरीज आ रहे हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की संख्या काफी है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों का कहना है कि ठंड बढ़ते ही उन्हें लगातार सिरदर्द रहने लगा है।