पीलीभीत। जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में 14 जुलाई को पैरामेडिकल छात्रा कशिश की हत्या के बाद मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियां अब तक पटरी पर नहीं लौट सकी हैं। घटना के बाद घोषित अवकाश समाप्त हुए करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पैरामेडिकल के छात्र-छात्राएं अब भी कक्षाओं और प्रशिक्षण पर नहीं लौटे हैं।
14 जुलाई की घटना के बाद छात्रों ने जिला अस्पताल में प्रदर्शन कर सुरक्षा, आवास और आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था की मांग उठाई थी। तत्कालीन प्राचार्य ने वार्ता के बाद पहले तीन दिन और फिर तीन दिन का अतिरिक्त अवकाश घोषित किया था, लेकिन अब तक प्रशासन और छात्रों के बीच औपचारिक वार्ता नहीं हो सकी है। मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर छात्रों से बातचीत की जाएगी। छात्र-छात्राएं जल्द ही फिर से अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। संवाद