पीलीभीत। ऑनलाइन उपस्थिति के साथ ही अन्य विभागों के कार्य कराए जाने के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों का विरोध तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। सचिवों ने काली पट्टी बांधकर ब्लाॅक कार्यालयों पर धरना देकर प्रदर्शन किया। इसके बाद शासन के मुख्य सचिव को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन खंड विकास अधिकारियों को सौंपे।
पूरनपुर। ग्राम पंचायतों के सचिवों ने शुक्रवार को तीसरे दिन भी ब्लॉक कार्यालय परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन करके धरना दिया। धरने के बाद मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन प्रभारी बीडीओ हेमंत कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, ग्राम पंचायत कार्यालय के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हैं। कार्यालय अध्यक्ष की उपस्थिति अंकित करने का कोई प्रावधान नहीं है। ज्ञापन में इसके अलावा अन्य विभागों के कार्यों आदि का हवाला देकर ऑनलाइन उपस्थिति पर रोक लगवाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में अवनीश कुमार, ललित मोहन गंगवार, ओमप्रकाश गंगवार, सुबोध कुमार, धर्मपाल, बृजेश कुमार, विजय राज रहे। संवाद
अमरिया। ग्राम पंचायत सचिवों ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। ज्ञापन में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने सहित कई प्रमुख मांगें की गईं। उन्होंने बताया कि अधिकांश ग्राम पंचायत सचिवों के पास सात से आठ ग्राम पंचायतों का कार्यभार होता है। ऐसे में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। ज्ञापन सौंपने वालों में वीरेंद्र गंगवार, शिखा राजपूत, राधेश्याम, प्रिंस कुमार, वीरेंद्र कुमार, अमित दुबे, राकेश कुमार, सचिन कुमार, अनिल कुमार सिंह, गौरव सिंह, मानेंद्र कुमार गंगवार आदि शामिल रहे। संवाद
अमरिया खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते ग्राम पंचायत सचिव। संवाद